Sunday, 29 November 2026

कचहरी का चुनाव: लोकतंत्र का अनूठा रंगमंच! - अंशुमान दुबे

कचहरी का चुनाव भी अपने आप में लोकतंत्र का एक अनूठा और दिलचस्प उत्सव होता है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें भाग लेने वाले भी अधिवक्ता होते हैं, प्रत्याशी भी अधिवक्ता होते हैं और मतदाता भी अधिवक्ता ही होते हैं। इतना ही नहीं, चुनाव की निष्पक्षता और गरिमा बनाए रखने की जिम्मेदारी भी वरिष्ठ अधिवक्ताओं के कंधों पर होती है, जो चुनाव अधिकारी की भूमिका निभाते हैं।

चुनाव की घोषणा होते ही कचहरी का माहौल बदलने लगता है। वर्षों से अपने-अपने मुकदमों, मुवक्किलों और न्यायिक कार्यों में व्यस्त रहने वाले अधिवक्ता अचानक चुनावी गतिविधियों के केंद्र में आ जाते हैं। प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ जाती है। कोई चौकी-चौकी पहुंचता है, कोई चेंबर-चेंबर दस्तक देता है तो कोई घर-घर जाकर समर्थन मांगता है। हर प्रत्याशी की कोशिश होती है कि अधिक से अधिक अधिवक्ताओं तक पहुंचे और अपने पक्ष में विश्वास तथा समर्थन जुटा सके।

इधर मतदाताओं का भी अपना अलग अंदाज होता है। कुछ प्रत्याशियों के आने की प्रतीक्षा करते हैं, कुछ प्रत्याशी को देखते ही अपना पैर आगे बढ़ा देते हैं तो कुछ सहानुभूति और आत्मीयता दिखाते हुए चाय तक पिला देते हैं। कहीं मुस्कान से स्वागत होता है तो कहीं पुराने संबंधों की याद दिलाई जाती है। कोई कहता है, 'आप चिंता मत कीजिए, हमारा समर्थन आपके साथ है' तो कोई मुस्कुराकर कहता है, 'अभी तो सबको सुनेंगे, समय आने पर फैसला करेंगे।'

प्रत्याशी भी मतदाताओं को प्रसन्न करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ते। बैंड, डायरी, कैलेंडर, पेन, कपड़े, पेय पदार्थ, मिठाइयां, समोसे और अन्य उपहारों के माध्यम से चुनावी आत्मीयता का प्रदर्शन होता है। चाय की चुस्कियों के बीच वादे किए जाते हैं, हाथ मिलाए जाते हैं, गले मिला जाता है और भविष्य में अधिवक्ताओं के हितों के लिए काम करने का संकल्प दोहराया जाता है।

इस चुनाव में पुराने मित्र कभी प्रतिद्वंद्वी बन जाते हैं तो कभी प्रतिद्वंद्वी भी आपसी आत्मीयता बनाए रखते हैं। कहीं वर्षों का व्यक्तिगत संबंध काम आता है तो कहीं कार्यशैली, व्यवहार, लोकप्रियता और संगठन के प्रति योगदान निर्णायक बन जाता है। हर प्रत्याशी को लगता है कि इस बार जीत उसी की होगी और हर समर्थक अपने प्रत्याशी की जीत का दावा करता दिखाई देता है।

लेकिन लोकतंत्र का सबसे बड़ा सच यही है कि चुनाव में लड़ते तो अनेक हैं, समर्थन मांगते सभी हैं, जीत के सपने हर कोई देखता है, लेकिन विजय का सेहरा अंततः किसी एक के सिर ही बंधता है।

जो जीतता है, उसके लिए जिम्मेदारियों का नया अध्याय शुरू होता है और जो हारता है, उसके लिए आत्ममंथन का समय आता है। हालांकि चुनाव परिणाम चाहे जो हो, कचहरी की वास्तविक शक्ति अधिवक्ताओं की एकता, पारस्परिक सम्मान और पेशे की गरिमा में ही निहित है।

आखिरकार, कचहरी का चुनाव केवल पद प्राप्त करने की प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं के बीच संबंधों, विश्वास, व्यवहार, लोकप्रियता और नेतृत्व क्षमता की परीक्षा भी है।

और हां, चुनाव के दौरान एक बात जरूर याद रखनी चाहिए—

चुनाव में प्रतिद्वंद्वी बनिए, दुश्मन नहीं। क्योंकि चुनाव पांच साल, दो साल या एक साल बाद फिर आ जाएगा, लेकिन कचहरी में एक-दूसरे के साथ रहना और पेशे की गरिमा बनाए रखना जीवन भर का रिश्ता है।

— अधिवक्ता अंशुमान दुबे
अधिवक्ता :: पत्रकार :: शान-ए-काशी 


No comments:

Post a Comment

साईं पथ का पथिक - अंशुमान की आध्यात्मिक यात्रा :: अध्याय - १ "साईं नाम से साक्षात्कार"

अध्याय १ :: साईं नाम से साक्षात्कार वाराणसी। अंशुमान दुबे की आयु लगभग ८ या ९ वर्ष रही होगी, जब पहली बार साईं नाम कानों में पड़ा। साईं नाम क...